
नैनीताल/भवाली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान जनपद की प्रमुख परियोजना में शामिल कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने बाईपास मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन हेतु देश-विदेश से वर्ष भर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंचीधाम आते हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने तथा जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बाईपास का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। इस मार्ग के पूर्ण होने से विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास मार्ग में से 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण पूर्ण कर हॉटमिक्स कार्य भी किया जा चुका है। इसके लिए विभाग को 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई थी और यह कार्य पूर्ण हो चुका है।
शेष 10.15 किलोमीटर मार्ग में पहाड़ कटिंग कार्य हेतु 5 करोड़ 6 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई, जिससे पहाड़ कटिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में 9 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से इस खंड में कलमठ निर्माण, सुरक्षा दीवारों का निर्माण एवं अन्य कार्य तीव्र गति से किए जा रहे हैं।
इसके अतिरिक्त इस बाईपास को रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने हेतु 74.15 मीटर स्पान के मोटर पुल का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए शासन से 9 करोड़ 63 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है तथा पुल निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर बाईपास मार्ग को आवागमन हेतु सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री इस मार्ग से सुगमता से यात्रा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मार्ग के निर्माण से कैंचीधाम में जाम की समस्या से राहत मिलेगी, साथ ही यह पहाड़ी जनपदों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक लाभकारी वैकल्पिक मार्ग सिद्ध होगा।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 9 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से नव निर्मित सैनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास सड़क एवं इसी मार्ग पर शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस बाईपास के निर्माण से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी तथा पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में लगे श्रमिकों से बातचीत कर उनका हाल-चाल भी जाना।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुई बर्फबारी को देखने देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत सुंदर एवं मनमोहक है तथा उन्हें यहां किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई है। उन्होंने भविष्य में भी यहां आने की इच्छा व्यक्त की।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।