सख़्ती ::
नैनीताल।नगरपालिका नैनीताल अब कर वसूली को लेकर सख़्त रुख अपनाने जा रही है। पालिका क्षेत्र के उपभोक्ताओं से भवन कर और सफाई कर के रूप में कुल 3 करोड़ 65 लाख रुपये की वसूली की जानी है, जो लंबे समय से बकाया चला आ रहा है।
पालिका के अनुसार कई उपभोक्ताओं ने लम्बे समय से भवन कर व सफ़ाई कर जमा नहीं किया है, जिससे पालिका की आय पर असर पड़ रहा है। इसे देखते हुए पालिका प्रशासन ने कर वसूली के लिए टीम गठित की हैं। ये टीमें क्षेत्रवार निरीक्षण कर जिन उपभोक्ताओं द्वारा टैक्स जमा नहीं किया गया है उन्हें डिमांड नोटिस जारी करेंगी। इसके बाद भी जिनके द्वारा कर जमा नहीं किया जाएगा उन्हें आरआरसी जारी की जाएगी। पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 31 मार्च तक टैक्स की राशि जमा करना अनिवार्य होगा। समय सीमा के भीतर भुगतान न करने पर उपभोक्ताओं को अतिरिक्त दंड और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
नगरपालिका के कर अधीक्षक दीपेंद्र बमोला ने बताया कि पालिका की ओर से अधिशाषी अधिकारी रोहिताश शर्मा के निर्देशानुसार कर निरीक्षक भारत प्रकाश और वेद प्रकाश सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। यह टीम जिन लोगों ने कर जमा नहीं किया है उन्हें डिमांड नोटिस भेजेगी। अगर नोटिस भेजने के बाद भी कर जमा नहीं किया जाता है तो भवन स्वामियों को आरआरसी जारी की जाएगी। बताया कि यह कर भवन के एरिया के हिसाब से प्रतिवर्ष लिया जाता है। अभी तक पालिका क्षेत्रांतर्गत करीब 50 प्रतिशत लोगों ने कर जमा नहीं किया है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने विगत दो से तीन वर्षों का कर जमा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक कर जमा करना अनिवार्य है अन्यथा की स्थिति में नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
पालिका ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित समय में अपने बकाया करों का भुगतान सहयोग करें।