डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में “पौधे बांटो कार्यक्रम”का आयोजन।

नैनीताल। डीएसबी परिसर के वनस्पति विज्ञान विभाग में गुरुवार को “पौधे बांटो कार्यक्रम”का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन का ऋण चुकाने के लिए कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जीवन का श्रेष्ठ कार्य है और पौधे हमारी प्रकृति तथा संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। पौधारोपण जन-आंदोलन का रूप ले तथा पर्यावरण के प्रति हमारा कल्याण बोध बढ़े इस कार्यक्रम का यही उद्देश्य है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष पंत ने कहा कि पौधे लगाना ही नहीं बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। पौधे जीवनदायी हैं, हमारे अस्तित्व का आधार हैं और प्रकृति का अनुपम श्रृंगार हैं। उन्होंने पौधारोपण को पुण्य का कार्य बताते हुए सभी से नियमित रूप से पौधे लगाने का आह्वान किया। इस दौरान डॉ. पंत को शॉल ओढ़ाकर माँ नंदा का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ पंत अब तक 4 लाख 62 हजार से अधिक पौधे लगाकर तथा अपने व्यय से भेंट कर चुके हैं।
कार्यक्रम में अखरोट (जुगलांस) तथा नींबू (सिट्रस) प्रजाति सहित कुल 150 पौधे विद्यार्थियों और प्राध्यापकों को वितरित किए गए। वक्ताओं ने बताया कि पौधे लगाना मानसिक शांति प्रदान करता है और पर्यावरण में खुशहाली लाता है। एक मनुष्य को पर्याप्त ऑक्सीजन के लिए औसतन 7 से 8 परिपक्व पेड़ों की आवश्यकता होती है।
इस दौरान प्रो. हरीश बिष्ट, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. शिवांगी, प्रो. किरण बरगली, प्रो. सुषमा टम्टा, प्रो. नीलू, डॉ. प्रभा, डॉ. हेम, डॉ. नवीन, डॉ. श्रुति, डॉ. नीता सहित प्राध्यापक, कर्मचारी और छात्र छात्राएं मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों को एक-एक पौधा भेंट कर उसके रोपण और देखभाल की भी जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *