हल्द्वानी।
एडीबी वित्त पोषित उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (यूयूएसडीए) द्वारा हल्द्वानी शहर में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा शुक्रवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैंप कार्यालय हल्द्वानी में की। उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना के सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और मितव्ययिता के साथ पूरे किए जाएं तथा स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी मानसून से पूर्व सड़क, मार्ग व खुदाई से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं। इसके लिए आवश्यकता अनुसार मैनपावर बढ़ाई जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों को तुरंत ठीक कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को होने वाली परेशानी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में एडीबी अधिकारियों ने निर्माण सामग्री ले जाने वाले बड़े वाहनों की अनुमति न मिलने की समस्या रखी, जिस पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट को यातायात व सुरक्षा मानकों के अनुसार शीघ्र अनुमति जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, बैरियर व अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।
देवखड़ी नाले में प्रस्तावित सुरक्षात्मक कार्यों को लेकर डीएम ने वर्षा से पूर्व नाले की सफाई व मलवा हटाने के निर्देश प्रभागीय वनाधिकारी व यूयूएसडीए अधिकारियों को दिए। सिटी मजिस्ट्रेट को सभी कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट देने को कहा गया।
यूयूएसडीए के परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत सभी कार्य दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। अब तक 136 किमी सड़क रेस्टोरेशन, 389 किमी पेयजल लाइन, 15,459 घरों को पेयजल संयोजन, 66 किमी सीवरेज कार्य, 2960 मैनहोल व 4999 चैंबर का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
बैठक में तीनपानी से होंडा शोरूम, मंगल पड़ाव, कालाढूंगी चौराहा से कठघरिया सहित अन्य क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण व अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने चेताया कि कार्यों में धीमी प्रगति या लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान सहित यूयूएसडीए, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, जल संस्थान, विद्युत एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।