नैनीताल।
मौनी अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन स्नान, दान और पितृ तर्पण करने से कई गुना पुण्य फल मिलता है। इस दिन मौनी अमावस्या आज रविवार को मनाई जाएगी।
आचार्य पंडित प्रकाश जोशी ने बताया कि इस बार मौनी अमावस्या पर विशेष संयोग बन रहा है। 18 जनवरी को मकर राशि में मंगल, बुध, शुक्र और सूर्य की स्थिति से चतुर्ग्रही योग बनेगा। सायं 4:21 बजे चंद्रमा के मकर राशि में प्रवेश करने से यह पंचग्रही योग में बदल जाएगा। साथ ही इस दिन सर्वार्थ सिद्धि योग भी रहेगा।
पितरों के तर्पण के लिए यह दिन बहुत शुभ माना गया है। मान्यता है कि इस दिन किया गया तर्पण पितरों को संतोष देता है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
आज स्नान और दान के लिए प्रातः ब्रह्म मुहूर्त 4:43 बजे से 5:23 बजे तक श्रेष्ठ रहेगा। सर्वार्थ सिद्धि योग प्रातः 10:14 बजे से अगले दिन 19 जनवरी की सुबह 7:11 बजे तक रहेगा।
उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन द्वापर युग का प्रारंभ हुआ था, इसलिए इस तिथि पर नए कार्य शुरू करना वर्जित माना गया है। जिन लोगों की कुंडली में चंद्रमा कमजोर हो, उनके लिए इस दिन दूध, चावल, खीर, मिश्री या बतासे जैसे सफेद पदार्थों का दान करना शुभ माना जाता है।