हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र कालू सिद्ध मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर में छत्र चढ़ाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
नवनिर्मित परिसर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने नव निर्मित भव्य मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया। मंदिर परिसर में मंदिर समिति अध्यक्ष एवं पीठाधीश महंत कालू गिरी महाराज तथा महंत त्रिवेणी गिरी महाराज के सानिध्य में संतों ने रुद्राक्ष माला पहनाकर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह कैड़ा (भीमताल), मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट, दिनेश आर्य, महापौर गजराज सिंह बिष्ट के साथ ही कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।