जिला पंचायत बोर्ड बैठक: वित्तीय वर्ष 2026-27 की विकास योजनाओं पर मंथन, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश।

हल्द्वानी।
अध्यक्ष जिला पंचायत दीपा दरमवाल की अध्यक्षता में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक सर्किट हाउस, काठगोदाम में सम्पन्न हुई। बैठक में क्षेत्र प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखीं। प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तुत समस्याओं का फील्ड में जाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।

ग्रामीण क्षेत्रों में निराश्रित पशुओं से होने वाले नुकसान पर चर्चा में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि रामनगर, बैलपड़ाव, मालधनचौड़, लालकुआं, हल्दूचौड़ आदि स्थानों पर गौशालाएं संचालित हैं, जहां वर्तमान में 3100 गोवंश हैं। प्रति गौशाला ₹80 प्रतिदिन प्रति पशु दिया जाता है। रामनगर के मालधनचौड़ में नई गौशाला के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। जिन क्षेत्रों में गौशाला नहीं है, वहां भूमि चयन की प्रक्रिया चल रही है। सदस्यों से सरकारी भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव देने को कहा गया।
इसके साथ ही ग्राम गौसेवक योजना के तहत 5 नरगोवंश के भरण-पोषण हेतु ₹400 प्रतिदिन सहायता दी जाती है। जनपद में वर्तमान में 31 ग्राम गौसेवक कार्यरत हैं।

पर्वतीय क्षेत्रों में पीएचसी/सीएचसी में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे एवं 108 एम्बुलेंस की सुविधा न होने की शिकायत पर सीएमओ को निर्देश दिए गए कि रामगढ़, धारी, ओखलकांड एवं बेतालघाट ब्लॉकों में रोस्टरवार मासिक चिकित्सा कैंप लगाकर अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे तथा दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएं। बाहर की दवाइयां लिखने पर प्रतिबंध की नियमित मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए।
जंगली जानवरों से फसल व जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सौर/कटीले तारों की फेंसिंग, नियमित पेट्रोलिंग तथा ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश वन विभाग व कृषि विभाग को दिए गए।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दैनिक कूड़ा निस्तारण, पर्वतीय आंतरिक मार्गों पर झाड़ियों की सफाई, तथा क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए। जेजेएम के तहत लंबित पेयजल समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु जल संस्थान व जल निगम को निर्देशित किया गया।

बैठक में उपाध्यक्ष जिला पंचायत देवकी देवी, ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली, मंजू नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश कुमार सहित जिला पंचायत सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *