बडौदा आरसेटी हल्द्वानी में 30 दिवसीय रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ।

हल्द्वानी। बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी हल्द्वानी, नैनीताल की ओर से दिनांक 29 जनवरी 2026 से प्रारंभ किए गए 30 दिवसीय रेफ्रिजरेटर एवं एसी रिपेयरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मंगलवार दिनांक 3 फरवरी को कुंवरपुर, गौलापार स्थित बडौदा आरसेटी परिसर में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि शाखा प्रबंधक, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक (दौलतपुर शाखा) शालिनी सिंह द्वारा बडौदा आरसेटी निदेशक अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशिक्षक नरेंद्र सिंह पिलख्वाल, एफएलसी काउंसलर सुरेश कुमार बिष्ट और मास्टर ट्रेनर जयवीर सिंह के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के 28 पुरुष प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।

मुख्य अतिथि शालिनी सिंह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे इस प्रशिक्षण को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं लगन के साथ पूरा करें तथा अर्जित कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करें। उन्होंने बैंक के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं ऋण सुविधाओं के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर बडौदा आरसेटी निदेशक, मास्टर ट्रेनर, प्रशिक्षक एवं एफएलसी काउंसलर ने प्रशिक्षुओं को सफलता के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम के दौरान आरसेटी निदेशक द्वारा संस्थान के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार और उत्तराखंड सरकार के तत्वावधान में, जनपद नैनीताल के अग्रणी बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा यह प्रशिक्षण संस्थान वर्ष 2011 से संचालित किया जा रहा है जिसके माध्यम से 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के स्वरोजगार इच्छुक व्यक्तियों को निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *