
रामनगर। खाद्य संरक्षा और औषधि प्रशासन उत्तराखंड के आयुक्त एवं जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर आज रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक फुटकर एवं डिस्ट्रीब्यूटर के फल, मिठाई, खजला, सेवई और खजूर से संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान स्वामियों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने, बिना बिल के खरीद न करने, स्टॉक का समुचित विवरण रखने तथा कालातीत (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री के विक्रय एवं भंडारण से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों एवं स्टोर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और आवश्यकतानुसार दवाओं का छिड़काव करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एक थोक विक्रेता से संदेह के आधार पर खजूर का एक नमूना गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों होली और रमजान को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। किसी भी सूरत में मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं होने दिया जाएगा और ऐसा पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा खताड़ी क्षेत्र में बिरयानी, फल एवं खजूर की तीन दुकानों के निरीक्षण के दौरान लाइसेंस प्रस्तुत न कर पाने पर संचालकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में लाइसेंस प्रस्तुत न करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 31(2) के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त के निर्देश पर जनपद में संयुक्त टीमों का गठन किया गया है, जो प्रतिदिन निरीक्षण एवं कार्रवाई कर रही हैं और उनकी रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को भेजी जा रही है।