नैनीताल, संवाददाता। इस वर्ष करवा चौथ व्रत कृतिका नक्षत्र और सिद्धि योग में 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा। यह व्रत प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाता है।
नैनीताल निवासी आचार्य पंडित प्रकाश जोशी ने बताया कि करवा चौथ पर्व हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण त्यौहारों में से एक है। करवाचौथ पर विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। जिसका पारण चांद निकलने पर किया जाता है। व्रत के दौरान करवा माता, भगवान गणेश और चंद्रमा की विधिपूर्वक पूजा की जाती है। बताया कि इस वर्ष करवा चौथ के दिन सिद्धि योग एवं कृतिका नक्षत्र का संयोग बन रहा है। करवा चौथ का व्रत सौभाग्यवती महिलाओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है।
पंडित जोशी ने बताया कि इस बार 10 अक्तूबर शुक्रवार को करवा चौथ व्रत मनाया जाएगा। इस दिन चतुर्थी तिथि की बात करें तो शाम 7:39 बजे तक चतुर्थी तिथि रहेगी। साथ ही कृतिका नामक नक्षत्र शाम 5:31 बजे तक है। सिद्धि नामक योग की बात करें तो शाम 5:41 बजे तक सिद्धि योग रहेगा। इस दिन चंद्र देव पूर्ण रूप से वृषभ राशि में विराजमान रहेंगे।
बताया कि करवा चौथ व्रत की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:57 बजे से 7:11 बजे तक रहेगा। व्रत पारण चंद्रोदय के उपरांत होगा तथा इस दिन चंद्रोदय रात्रि 8:13 बजे होगा। भिन्न-भिन्न शहरों में चंद्रोदय का समय भिन्न-भिन्न हो सकता है।
कृतिका नक्षत्र और सिद्धि योग में दस अक्टूबर को मनाया जाएगा करवा चौथ व्रत।