

हल्द्वानी, 14 जनवरी 2026।
हल्द्वानी नगर के कुछ क्षेत्रों में मटमैले पानी की शिकायत सामने आने के बाद कुमाऊँ आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जल संस्थान, सिंचाई विभाग एवं जमरानी बांध परियोजना के अधिकारियों को आपसी समन्वय से नगर को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि बलिया नाला ट्रीटमेंट परियोजना एवं बहुउद्देश्यीय जमरानी बांध परियोजना दीर्घकालिक योजनाएं हैं, जिनके अंतर्गत गोला नदी से हल्द्वानी को पेयजल आपूर्ति की जाती है। निर्माण कार्यों एवं वर्षा ऋतु के दौरान टर्बिडिटी की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जाएं, ताकि भविष्य में पेयजल संकट न उत्पन्न हो।
बैठक के उपरांत कुमाऊँ आयुक्त ने शीशमहल स्थित पेयजल फिल्ट्रेशन प्लांट का निरीक्षण कर जल शुद्धिकरण प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुसार क्लोरीन व फिटकरी के उपयोग, गुणवत्ता परीक्षण के समुचित डॉक्यूमेंटेशन तथा प्लांट परिसर में अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता संजय शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल सक्सेना, जमरानी बांध परियोजना के महाप्रबंधक महेश कुमार खरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।