
नैनीताल के सात नंबर क्षेत्र में स्थित ग्लेनमोर इलाके में रविवार को भीषण आग लगने से एक ब्रिटिशकालीन लकड़ी का भवन पूरी तरह जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय भवन खाली था, जिससे जनहानि टल गई।
दोपहर में अचानक भवन से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा भवन जल चुका था।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या असामाजिक तत्वों की भूमिका दोनों की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन का पिछला हिस्सा लंबे समय से बंद था, जहां नशेड़ियों की आवाजाही रहती थी।
अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी के अनुसार भवन लकड़ी का बना होने के कारण आग तेजी से फैली। विभाग ने पहले ही अग्नि सुरक्षा को लेकर नोटिस भी जारी किया था।