•546.75 लाख के पुल और 39 करोड़ की बहुमंजिला पार्किंग कार्यों की समीक्षा
• गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा – सांसद
भवाली।
सांसद नैनीताल–ऊधमसिंह नगर व पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने शुक्रवार को भवाली बाईपास पर नव निर्मित पुल (लगभग 546.75 लाख रुपये लागत) का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने कैंचीधाम बाईपास का स्थलीय निरीक्षण करते हुए क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान सांसद ने अधिकारियों से लगभग 39 करोड़ रुपये की लागत से बन रही बहुमंजिला वाहन पार्किंग व अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत कैंचीधाम में बहुमंजिला पार्किंग बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर पार्किंग सुविधा मिलेगी और भवाली–अल्मोड़ा हाईवे पर लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भवाली–रातिघाट बाईपास के निर्माण से यातायात और अधिक सुगम होगा, जिससे कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। सांसद ने निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सांसद स्थानीय लोगों से भी मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके उपरांत उन्होंने बाबा नीम करौरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर चेयरमैन संजय वर्मा, भावना मेहरा, गोपाल रावत, शिवांशु जोशी, प्रकाश आर्या, हिमांशु बिष्ट, आशु चंदोला, अखिलेश सेमवाल, नीरज बिष्ट, शुभम कुमार, वैभव आनंद, धीरज तिवाड़ी, मदन मोहन सिंह कैड़ा, उपजिलाधिकारी मोनिका, लोक निर्माण विभाग के ईई कृष्ण कुमार, रत्नेश सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।