
नैनीताल।
पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में आम जनमानस को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को नैनीताल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन सीआरएसटी इंटर कॉलेज परिसर में विधायक सरिता आर्या की अध्यक्षता तथा उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक के संचालन में किया गया।
शिविर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर से 260 लोगों ने सीधे लाभ प्राप्त किया।
शिविर में नगर पालिका नैनीताल अंतर्गत स्टानले कंपाउंड, रामलीला मैदान (7 नंबर) तथा स्टाफ हाउस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, पेयजल और मार्ग सुधार से संबंधित मांगें रखी गईं। इस पर उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त पुराने घोड़ा स्टैंड क्षेत्र में महिला समूहों के लिए पूर्व में निर्मित दुकानों, जो सड़क चौड़ीकरण के दौरान हट गई थीं, के पुनर्निर्माण की मांग भी उठाई गई। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर में पेयजल, विद्युत एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े प्रकरण भी प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा स्टॉलों के माध्यम से लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 102 तथा होम्योपैथिक विभाग द्वारा 40 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। श्रम विभाग ने 5 व्यक्तियों के पंजीकरण हेतु आवेदन भरवाए। पशुपालन विभाग ने 28 पशुपालकों को योजनाओं से लाभान्वित किया, जबकि मत्स्य विभाग ने 56 किसानों से योजनाओं संबंधी आवेदन प्राप्त किए।
विद्युत विभाग ने 4 उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया। कृषि विभाग ने 20 तथा उद्यान विभाग ने 19 किसानों को बीज, रसायन व कृषि यंत्रों पर अनुदान प्रदान किया। उद्योग विभाग ने 32 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया। बाल विकास विभाग ने 8 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। समाज कल्याण विभाग ने 10 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। राजस्व विभाग ने विभिन्न प्रमाणपत्रों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका रोहिताश शर्मा, मंडी परिषद सदस्य मनोज जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, दयाकिशन पोखरिया सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।