नैनीताल।
नैनीताल शहर में चूहों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन की परेशानी बढ़ गई है। शहर के कई इलाकों में चूहों ने बड़े-बड़े गड्ढे बना दिए हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब चूहे घरों के अंदर तक घुस रहे हैं और लोगों को काटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जो शहर के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी हैं।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि मल्लीताल, तल्लीताल, पंत पार्क, हरीनगर सहित अन्य क्षेत्रों में चूहों की संख्या अत्यधिक बढ़ गई है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कुमाऊं आयुक्त ने नगर पालिका को हर हाल में समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें पशुपालन विभाग और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे। वर्तमान में चूहों का आकार काफी बड़ा हो चुका है और उनकी संख्या भी अधिक है, जिससे वे सामान्य चूहेदानियों में आसानी से नहीं पकड़े जा पा रहे हैं।
समस्या के समाधान के लिए पूर्व में सूरत नगर निगम से भी संपर्क किया गया था, जहां के मेडिकल ऑफिसर ने टीम भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक सूरत से कोई टीम नैनीताल नहीं पहुंच पाई है। इसके बाद हल्द्वानी से विशेषज्ञों से संपर्क करने के निर्देश दिए गए। फिलहाल कृषि विभाग से भी संपर्क किया जा रहा है, क्योंकि खेतों में चूहों की समस्या से निपटने के लिए वहां विशेष उपाय अपनाए जाते हैं।
ईओ ने स्पष्ट किया कि केमिकल के जरिए चूहों को मारने का विकल्प फिलहाल नहीं अपनाया जा रहा है, क्योंकि यदि चूहे कहीं फंसकर मर जाते हैं तो उनके सड़ने से गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा रहता है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन से चार महीनों से पशुपालन और कृषि विभाग के संपर्क में रहकर इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जैसे ही मार्गदर्शन प्राप्त होगा, तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका ने रेस्टोरेंट संचालकों और व्यापारियों से भी अपील की है कि खुले में खाने-पीने का सामान और कचरा न फेंकें तथा अनाज को कंटेनरों में सुरक्षित रखें, क्योंकि खुले में पड़ा भोजन चूहों को आकर्षित करता है और उनकी संख्या बढ़ने का मुख्य कारण बनता है।