नैनीताल। बीडी पाण्डे जिला चिकित्सालय के सभागार में मंगलवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ उत्तराखंड की नैनीताल शाखा की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने की और संरक्षण डॉ केके पांडे और डॉ तरूण कुमार टम्टा ने किया। निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी डीएलएस मेहता ने संपन्न कराई।
बैठक में जनपद के पर्वतीय क्षेत्रों बेतालघाट, गरमपानी, भवाली, भीमताल, ओखलकांडा, रामगढ़, पदमपुरी और सुयालबाड़ी से आए चिकित्सकों ने भी प्रतिभाग किया।
निर्वाचन के बाद नई कार्यकारिणी का चयन सर्वसम्मति से निर्विरोध किया गया। अध्यक्ष पद पर डॉ. नरेंद्र रावत, सचिव पद पर डॉ. मणि भूषण पंत, कोषाध्यक्ष पद पर डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष (पुरुष) पद पर डॉ. सुधांशु सिंह, उपाध्यक्ष (महिला) पद पर डॉ. अभिलाषा पांडे, उपाध्यक्ष (दंत चिकित्सक) पद पर डॉ. तनुजा पाल, संयुक्त सचिव पद पर डॉ. रोहित ग्रोवर, केंद्रीय प्रतिनिधि के रूप में डॉ. गणेश धर्मशत्तू, जनपद प्रतिनिधि पद पर डॉ. अक्षय बिश्नोई तथा मीडिया प्रभारी पद पर डॉ. मोनिका कांडपाल का चयन किया गया।