हल्द्वानी।
सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ शुक्रवार को संभागीय परिवहन कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित गोष्ठी के साथ किया गया। इस अवसर पर संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी डीआई गुरदेव सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बीके सिंह एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जीतेन्द्र सिंह द्वारा उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं और सड़क सुरक्षा को लेकर शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग के कार्मिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। साथ ही सड़क सुरक्षा माह 2026 के प्रथम दिन परिवहन कर अधिकारी श्रीमती अनुपमा आर्य द्वारा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों द्वारा दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले सवारी के लिए हेलमेट पहनने की अनिवार्यता पर जोर देते हुए बताया गया कि हेलमेट किस प्रकार जीवन रक्षक साबित हो सकता है। इसके साथ ही बिना सीट बेल्ट वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा जिग-ज़ैग ड्राइविंग से बचने की अपील की गई।
कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए आगे आने का भी आह्वान किया गया, ताकि समय पर सहायता मिलने से उनके जीवन की रक्षा की जा सके। इस जागरूकता कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं परिवहन विभाग के कार्मिकों सहित लगभग 150 लोग उपस्थित रहे।