
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी कैंपस में विजिटिंग प्रोफेसर डायरेक्टरेट तथा रसायन विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं गेस्ट स्पीकर के रूप में प्रख्यात जर्मन वैज्ञानिक प्रो. क्रिस्टोफ अरेंज ने “स्पिंगोलिपिड मेटाबोलिज्म फॉर ड्रग डिस्कवरी” विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से आईं प्रो. शैलजा सिंह ने मलेरिया की रोकथाम तथा उसके पैरासाइट को ब्लॉक करने से संबंधित अपने शोध कार्य को साझा करते हुए छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डीन प्रो. चित्रा पांडे ने की, जबकि संचालन प्रो. सहराज अली ने किया। निदेशक प्रो. ललित तिवारी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
दोनों वक्ताओं ने अपनी शोध यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला और युवाओं को जिज्ञासा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ शोध कार्य करने का संदेश दिया। रसायन विभागाध्यक्ष प्रो. नंदा गोपाल साहू ने प्रो. क्रिस्टोफ का स्वागत करते हुए उनकी शोध उपलब्धियों का संक्षिप्त परिचय दिया तथा कहा कि उनके मार्गदर्शन से विभाग के शोधार्थी और विद्यार्थी नई उपलब्धियों की ओर प्रेरित होते रहेंगे। प्रो. क्रिस्टोफ एवं प्रो. शैलजा का शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर प्रो. गीता तिवारी, डॉ. सुहेल जावेद, प्रो. महेश चंद्र आर्या, डॉ. मनोज धूनी, डॉ. पैनी जोशी, डॉ. ललित मोहन, डॉ. गिरीश खर्कवाल, डॉ. आंचल अनेजा तथा डॉ. भावना पंत सहित रसायन विभाग के शोधार्थी, एमएससी के विद्यार्थी और कर्मचारी रहे।