टैक्सी-मैक्सी वाहन चालकों की समस्याओं को लेकर प्रशासन व महासंघ के बीच वार्ता।

हल्द्वानी। टैक्सी-मैक्सी वाहन चालकों की समस्याओं के समाधान के संबंध में मंगलवार को आयुक्त कुमाऊँ मंडल एवं जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में प्रशासनिक एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों ने टैक्सी-मैक्सी महासंघ के पदाधिकारियों के साथ वार्ता की।

वार्ता में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह तथा सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी वीके सिंह उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान टैक्सी-मैक्सी महासंघ द्वारा एटीएस के माध्यम से वाहनों की फिटनेस किए जाने के विरोध में दिनांक 4 फरवरी 2026 से प्रस्तावित चक्का जाम आंदोलन को वापस लेने का अनुरोध किया गया। इस पर महासंघ को अवगत कराया गया कि परिवहन विभाग द्वारा पर्वतीय जनपदों में परिवहन कार्यालयों के माध्यम से पूर्व की भांति वाहनों की फिटनेस किए जाने के संबंध में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार से पत्राचार किया गया है।

प्रशासन द्वारा महासंघ के पदाधिकारियों को आश्वस्त किया गया कि शीघ्र ही इस संबंध में अनुमति प्राप्त होने की संभावना है तथा अनुमति मिलते ही वाहनों की फिटनेस पुनः परिवहन कार्यालयों में ही कराई जाएगी।

बैठक में टैक्सी-मैक्सी महासंघ की ओर से महासंघ उपाध्यक्ष श्री भारत भूषण, अध्यक्ष टैक्सी यूनियन काठगोदाम श्री प्रशांत कुमार नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महासंघ श्री मनोज भट्ट, उपाध्यक्ष हल्द्वानी टैक्सी यूनियन श्री करतार सिंह, उप सचिव हल्द्वानी टैक्सी यूनियन श्री बालकृष्ण भट्ट, कोषाध्यक्ष श्री श्याम सुंदर अधिकारी एवं सदस्य श्री रंजीत नेगी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *