राज्यपाल ने एसओएस बाल ग्राम के बच्चों संग बिताए प्रेरणादायी पल, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं।

नैनीताल, 15 जून 2025राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शनिवार को राजभवन परिसर में एसओएस बाल ग्राम, भीमताल के बच्चों से आत्मीय संवाद कर उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया।राज्यपाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन की चुनौतियाँ ही व्यक्ति को निखारती हैं और वे कठिनाइयों से घबराए बिना आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा, “आप जैसे बच्चे समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन सकते हैं। टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में भी आप अपनी पहचान बना सकते हैं।”उन्होंने एसओएस बाल ग्राम की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था सिर्फ एक आश्रय स्थल नहीं, बल्कि एक जीवंत और स्नेहिल परिवार है। संस्था के ‘‘फैमिली लाइक केयर’’, ‘‘किनशिप केयर’’ और ‘‘फॉस्टर केयर’’ जैसे मॉडल समाज के लिए अनुकरणीय हैं और सामाजिक संरक्षण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण का उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं।राज्यपाल ने संस्था की 1984 से अब तक की यात्रा को सराहते हुए बताया कि इसने 300 से अधिक बच्चों को आत्मनिर्भर बनाया है। उन्होंने कहा कि संस्था की यह सोच कि “सच्चा परिवार प्रेम और जिम्मेदारी से बनता है, न कि केवल खून के रिश्तों से” – समाज को एक नई दिशा देती है।इस अवसर पर एसओएस बाल ग्राम भीमताल के सहायक निदेशक आशीष कुमार सिंह, नंदी गोस्वामी, यशोदा सहित कई बच्चे उपस्थित रहे। राज्यपाल ने संस्था के समर्पित कार्यकर्ताओं और माताओं के कार्य की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *