जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के नवाचारों को शासन की खुली सराहना, तालियां बजाकर किया अभिनंदन।

नैनीताल।
जनपद नैनीताल में राजस्व एवं नागरिक सेवाओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा किए गए अभिनव प्रयासों को उत्तराखंड शासन ने खुलकर सराहा है। शासन स्तर पर इन प्रयासों की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों ने तालियां बजाकर जनपद नैनीताल की उपलब्धियों का अभिनंदन किया।
जिलाधिकारी रयाल की जनहितकारी पहलों से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली है तथा प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है। निर्विवाद विरासत मामलों के शीघ्र निस्तारण की दिशा में जनपद नैनीताल ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बीते तीन माह के दौरान राजस्व कर्मियों द्वारा ग्राम स्तर पर चौपालों का आयोजन कर लगभग 5000 निर्विवाद विरासत मामलों का त्वरित एवं सफल निस्तारण किया गया।
जनपद की इस सराहनीय उपलब्धि पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम सहित राज्य सरकार के समस्त सचिवगणों ने जनपद नैनीताल के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।
इसके साथ ही, मेड़ विवाद, सीमा विवाद, खेत संख्या में नाम/नंबर दुरुस्ती, पैमाइश, नपती, सीमांकन तथा गूल और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने से संबंधित कुल 1150 मामलों के सफल निस्तारण पर परगना स्तरीय राजस्व प्रवर्तन टीमों, नैनीताल के कार्यों की विशेष सराहना की गई।
वहीं जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण से जुड़े 2300 मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किए जाने पर संबंधित पंजीकरण अधिकारियों को भी प्रशंसा प्राप्त हुई।
जनपद प्रशासन द्वारा किए गए इन ठोस और योजनाबद्ध प्रयासों से न केवल राजस्व एवं नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता और गति आई है, बल्कि आम नागरिकों को समयबद्ध न्याय और राहत भी सुनिश्चित हुई है। शासन स्तर पर इन पहलों को प्रशासनिक नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा की गई कार्यवाही एवं अभिनव पहलों की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव को भी अवगत कराई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *