रानीबाग कलसिया नाले पर बने वैलीब्रिज की बढ़ेगी भार क्षमता, शीघ्र होगा नए वैली मोटर ब्रिज का निर्माण।

हल्द्वानी–नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत रानीबाग क्षेत्र में स्थित कलसिया नाले पर वर्तमान में बने वैली ब्रिज के स्थान पर अधिक भार क्षमता वाला नया वैली मोटर ब्रिज शीघ्र निर्मित किया जाएगा। इस संबंध में निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

नए मोटर पुल के निर्माण के दौरान वैकल्पिक मार्ग एवं यातायात व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैंप कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह सड़क मार्ग कुमाऊं के पर्वतीय जिलों को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जिस पर लगातार यातायात का दबाव बढ़ता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में कलसिया नाले पर 32 टन भार क्षमता का वैली ब्रिज स्थित है, जो भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए अपर्याप्त हो रहा है। इसके स्थान पर अधिक भार क्षमता का नया वैली मोटर ब्रिज बनाया जाना प्रस्तावित है। जिलाधिकारी ने कहा कि पुल निर्माण के दौरान यातायात को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

निर्माण अवधि में आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए एक वैकल्पिक मार्ग का निर्माण भी आवश्यक है। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग की संभावनाओं का परीक्षण करें और शीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि नए वैली ब्रिज के निर्माण के लिए लगभग तीन माह में कार्य पूर्ण करने की विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली गई है। वैकल्पिक मार्ग को तैयार करते हुए शीघ्र ही पुल निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बैठक में पुल निर्माण अवधि के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *