
नैनीताल। डीएसए मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता कराने को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बाद आखिरकार मंगलवार को सभी पक्षों की ओर से आपसी समन्वय के साथ पृथ्वीराज कप क्रिकेट प्रतियोगिता कराने को लेकर सहमति बन चुकी है और मैदान में मंगलवार सुबह से चले विवाद के बाद अंततः सभी पक्षों ने एक साथ प्रतियोगिता कराने पर सहमति जताई। पालिकाध्यक्ष डॉ सरस्वती खेतवाल और जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
मंगलवार सुबह खेल विभाग की ओर से ओपन पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता कराई जानी थी लेकिन सुबह से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया था और पालिकाध्यक्ष तथा सभासद क्रिकेट पिच पर धरने पर बैठ गए और प्रतियोगिता शुरू नहीं हो सकी। साथ ही करीब 11 बजे 10 मिनट के लिए पालिका की ओर से चुंगी भी बंद करा दी गई और पार्किंग में वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए पालिका ने मस्जिद के सामने अपने वाहन भी खड़े कर दिए। इस दौरान डीएसए मैदान में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस को ओर से मैदान में प्रवेश के स्थानों पर बैरिकेटिंग भी की गई थी।
करीब 3 घंटे तक विवाद चलता रहा और इसी दौरान मौके पर मौजूद एसपी क्राइम डॉ जगदीश चंद्रा ने पालिकाध्यक्ष डॉ सरस्वती खेतवाल से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया। साथ ही पालिकाध्यक्ष ने उनके वाहन को प्रवेश करने से रोकने का आरोप भी पुलिस पर लगाया, जिस पर कोतवाल हेम चंद्र पंत ने पालिकाध्यक्ष से वार्ता कर उनसे माफी भी मांगी और पालिकाध्यक्ष ने कहा कि खेल भावना को देखते हुए कहा कि वह उन्हें क्षमा करती हैं और उन्हें कोई नाराजगी नहीं है।
आखिर में बातचीत के जरिए दोनों पक्षों में समझौता हुआ और आपसी सामंजस्य से प्रतियोगिता कराने को लेकर सहमति बनी। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। बंकर 11 तथा स्पाइकर की टीम के बीच उद्घाटन मुकाबला खेला गया।
एसडीएम नवाजिश खलीक ने कहा कि क्रिकेट प्रतियोगिता कराने को लेकर आपसी समन्वय की कमी के चलते दोनों पक्षों में एक तरह का गतिरोध देखने को मिल रहा था जिसके चलते प्रतियोगिता शुरू नहीं हो पा रही थी। इस संबंध में पहले भी आपसी समन्वय से प्रतियोगिता करने को लेकर सुझाव दिया गया था। अंततः आज सभी पक्षों में समझौता हो गया है और डीएसए, पालिका और खेल विभाग ने साथ मिलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ हो चुका है।
एसपी क्राइम डॉ जगदीश चंद्रा ने कहा कि खेल प्रतियोगिता को लेकर विवाद चल रहा था। अब आम सहमति से यह टूर्नामेंट शुरू कराया जा रहा है। इस दौरान शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। अब आम सहमति बन चुकी है और पुलिस बल भी हटाया जा रहा है।
पालिकाध्यक्ष डॉ सरस्वती खेतवाल ने कहा कि तीनों संस्थाएं मिलकर मैच कराएंगी। आज पालिका के अनुरूप सहमतिपत्र पर सभी की सहमति बन गई है जिसके बाद प्रतियोगिता का शुभारंभ कर दिया है। बुधवार से नियमित रूप से मुकाबले खेले जाएंगे।