क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर खेल विभाग व डीएसए के बीच दिनभर चला गतिरोध, मायूस होकर लौटे खिलाड़ी।

नैनीताल। नैनीताल के डीएसए मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित कराने को लेकर एक बार फिर जिला खेल विभाग और जिला क्रीड़ा संघ (डीएसए) आमने-सामने आ गए। शनिवार को डीएसए और नगर पालिका की ओर से प्रस्तावित पृथ्वीराज कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू होनी थी, लेकिन प्रतियोगिता आरंभ होने से पहले ही विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते टूर्नामेंट नहीं हो सका। इस दौरान मैच के लिए पहुंचे खिलाड़ियों को भी मायूस होकर लौटना पड़ा।

सुबह करीब 10 बजे से शुरू हुआ विवाद करीब डेढ़ घंटे तक चलता रहा। स्थिति को देखते हुए मैदान में भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे डीएसए मैदान छावनी में तब्दील नजर आया। दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

मामले की सूचना पर एसडीएम नवाजिश खलीक मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। हालांकि करीब दोपहर 1 बजे तक चली बातचीत के बावजूद कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका। जिसके बाद काफी देर तक आपसी समन्वय से प्रतियोगिता कराने को लेकर चर्चा हुई और यह निष्कर्ष निकाला गया है कि तीनों विभाग मिलकर पृथ्वीराज कप प्रतियोगिता कराएंगे।

बता दें कि नगर पालिका और डीएसए की ओर से बीती 27 जनवरी को खेल मैदान में पृथ्वीराज कप क्रिकेट प्रतियोगिता कराई जानी थी और इसी दिन खेल विभाग की ओर से भी ओपन पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन होना था। जिस कारण दोनों विभागों के बीच प्रतियोगिता करने को लेकर विवाद को गया था और मामला पुलिस तक पहुंच गया था। जिसके बाद क्रीड़ा अधिकारी ने प्रतियोगिता रद्द कर दी थी, वहीं डीएसए ने कहा कि प्रतियोगिता 31 से होगी। अब एक बार फिर से इस मामले पर दोनों पक्ष आमने सामने नजर आए।

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने कहा कि वे पृथ्वीराज कप क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित कराने के लिए सुबह मैदान पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही मैदान में पुलिस तैनात कर दी गई और खेल विभाग की ओर से टूर्नामेंट शुरू नहीं करने दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर प्रतियोगिता को विफल करने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि इस पूरे विवाद में किसी विभाग का नुकसान नहीं हो रहा, लेकिन खिलाड़ियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। खिलाड़ी सुबह से मैच खेलने आए थे, लेकिन टूर्नामेंट रद्द होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि खेल विभाग प्रस्ताव भेजता है तो नगर पालिका आपसी समन्वय से प्रतियोगिता कराने को तैयार है, बशर्ते आयोजन पालिका के अनुरूप हो।

वहीं एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि खेल विभाग की ओर से पहले से ओपन पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जानी थी, जिसकी सूचना नगर पालिका को दी जा चुकी थी और इसकी विज्ञप्ति भी जारी हो चुकी थी। खेल विभाग ने पालिका से अनुरोध किया था कि ओपन टूर्नामेंट के बाद अगले स्लॉट में पृथ्वीराज कप प्रतियोगिता आयोजित कराई जाए, लेकिन आपसी समन्वय की कमी के चलते स्थिति बिगड़ गई और प्रतियोगिता शुरू नहीं हो सकी।

एसडीएम ने कहा कि सभी पक्षों से वार्ता के बाद यह निष्कर्ष निकाला गया है कि नगर पालिका, डीएसए और खेल विभाग मिलकर आपसी सहमति से पृथ्वीराज कप टूर्नामेंट आयोजित करेंगे। तीनों संस्थाओं के बीच सहमति बनने की प्रक्रिया चल रही है और उम्मीद है कि भविष्य में इस तरह का विवाद नहीं होगा।

इस दौरान सीओ अमित कुमार, कोतवाल हेम पंत, एसओ मनोज नयाल, डिप्टी स्पोर्ट्स ऑफिसर वरुण बेलवाल, डीएसए क्रिकेट सचिव रवि जोशी, सीएल साह, आलोक चौधरी, मनोज साह जगाती, भगवत रावत, जितेंद्र पांडे, अंकित चंद्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *