
नैनीताल। शहर के जिला न्यायालय नैनीताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अधिवक्ता अपने-अपने चेंबर से बाहर निकल आए और पूरे परिसर में अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने बताया कि ऑल इंडिया जजेज एसोसिएशन के ई-मेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ है। मेल में दावा किया गया है कि दोपहर 1 बजे तक जिला कोर्ट को बम से उड़ा दिया जाएगा और परिसर में आरडीएक्स बम लगाए जाने के साथ ही तमिलनाडु में ईडब्लूएस आरक्षण रोके जाने की बात कही गई है।
धमकी की सूचना के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और न्यायालय परिसर में जांच-पड़ताल व सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मामले को गंभीरता को देखते हुए पुलिस और बम निरोधक टीम को भी अलर्ट किया गया है।
प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।