मां पाषाण देवी मंदिर में तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव शुरू, सुंदरकांड पाठ में उमड़े श्रद्धालु।

नैनीताल।
ठंडी सड़क स्थित मां पाषाण देवी मंदिर में सोमवार से तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और विधि-विधान के साथ किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।कार्यक्रम में यजमान के रूप में ब्रजेश श्रीवास्तव, राजू नारंग, गिरीश साह, संजय वर्मा एवं अंबा दत्त तिवारी सपत्नी उपस्थित रहे। वहीं धार्मिक अनुष्ठान ब्राह्मण जगदीश भट्ट, भगवत प्रसाद जोशी एवं घनश्याम जोशी द्वारा संपन्न कराए गए।

मंदिर के पुजारी पंडित जगदीश भट्ट ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मां पाषाण देवी का वार्षिकोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। प्रथम दिन प्रातः गणेश पूजन के उपरांत शिव पूजन एवं रुद्राभिषेक किया गया। इसके बाद दोपहर में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन तथा प्रसाद वितरण किया गया। सायंकाल मां पाषाण देवी की पंच आरती संपन्न हुई।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को गणेश पूजन, पंचांगी कर्म एवं रामचंद्र परिवार पूजन के साथ अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया जाएगा तथा प्रसाद वितरण किया जाएगा। सायंकाल पुनः मां पाषाण देवी की पंच आरती होगी। बुधवार को अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के उपरांत हवन, पूर्णाहुति एवं कन्या पूजन किया जाएगा। दोपहर दो बजे से मां का समष्टि भंडारे का आयोजन होगा।

पंडित जगदीश भट्ट ने सभी श्रद्धालुओं से मंदिर पहुंचकर मां पाषाण देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।

इस अवसर पर प्रमोद सुयाल, अमित डालाकोटी, नवीन तिवारी, राजेश मिश्रा, दीपक मनराल, गौरव, मोहित, आरुष, जिगर, पंकज, धीरज, गीता, कविता, विनीता, हेमा, मंजू रौतेला, रजनी चौधरी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *