नैनीताल में मौसम ने ली करवट, ऊंची चोटियों पर पहला हिमपात, निचले इलाकों में बारिश।

नैनीताल। सरोवर नगरी में लंबे समय बाद मौसम ने करवट बदली है। शुक्रवार दोपहर शहर बारिश के बाद ऊंची चोटियों पर सीजन का पहला हिमपात देखने को मिला, जबकि निचले इलाकों में बारिश होती रही। मौसम में आए इस बदलाव के साथ ही नगर में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है।


शहर में नैना पीक, स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, आयारपाटा, बारापत्थर आदि ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई।
नैनीताल में चार माह से अधिक समय बाद बारिश होने से लोगों ने राहत महसूस की, क्योंकि लंबे समय से हालात सूखे जैसे बने हुए थे। साथ ही बर्फबारी के चलते स्थानीय लोगों के साथ ही सैलानियों के चेहरे भी खिले हुए नजर आए और सभी ने बर्फबारी का जमकर आनंद लिया।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार दोपहर तक मौसम में सुधार आने की संभावना है। वहीं 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर 29 जनवरी तक बना रह सकता है। इस दौरान 2500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *