:::गरबा के जरिए जुटाई धनराशि से जरूरतमंद बच्चों को मिलेंगी किताबें और गर्म कपड़े
नैनीताल। यो पहाड़ फाउंडेशन की ओर से सीआरएसटी इंटर कॉलेज में चैरिटेबल गरबा नाइट का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक लोगों ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार, यह नैनीताल का एकमात्र चैरिटी गरबा आयोजन है, जिसका उद्देश्य मनोरंजन के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए धनराशि जुटाना है।
कार्यक्रम में कुमाऊंनी कलाकार हिमांशु आर्या और विशांत टम्टा ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, उत्कृष्ट गरबा-डांडिया नृत्य करने वाले प्रतिभागियों और आकर्षक पारंपरिक परिधान पहनने वालों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में भवाली-रामगढ़ रोड स्थित क्रियोसिटी कैफे के संचालक स्नेहित ने विशेष सहयोग दिया।
फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. संतोख सिंह बिष्ट ने बताया कि आयोजन से प्राप्त धनराशि जरूरतमंद बच्चों को किताबें और गर्म कपड़े उपलब्ध कराने जैसे सामाजिक कार्यों में खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से लोगों को अपनी संस्कृति से जुड़ने के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है।
इस दौरान फाउंडेशन के संरक्षक जितेंद्र मर्तोलिया, सचिव सागर सोनकर, महिला उपाध्यक्ष दीपा बिष्ट, उपसचिव शिवा बिष्ट, कोषाध्यक्ष नीरज बिष्ट, टेक्निकल हेड चेतन मेहरा, दीप्ति बोरा, चंद्रकांत जोशी, लोकेश बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, विपुल बिष्ट, अर्जुन बोरा, मनोज, आरव, गौरव, रोहित, खुशी, जया, सना, क्रिश, चंदू आदि मौजूद रहे।
यो पहाड़ फाउंडेशन के चैरिटी गरबा में जमकर झूमे लोग।