
ज्योलीकोट/ नैनीताल।
प्रदेश सरकार की जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बुधवार को ज्योलीकोट रामलीला मैदान में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। नवागंतुक मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ने शिविर में जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकांश का मौके पर निस्तारण कराया।
शिविर में 221 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकतर का समाधान किया गया। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समाधान कार्यालय स्तर पर ही किया जाए, ताकि लोगों को जिला मुख्यालय न जाना पड़े।
शिविर में आधार कैंप लगाने, भूमि पैमाइश, जल जीवन मिशन की पेयजल समस्या, बिजली व जल संस्थान के बिल संशोधन, राशन कार्ड ऑनलाइन सहित विभिन्न शिकायतों पर निर्देश दिए गए। जेजेएम के अंतर्गत जहां पानी नहीं पहुंच रहा, वहां एक सप्ताह में आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने 142 लोगों की जांच व दवा वितरण किया। समाज कल्याण विभाग ने 40 लाभार्थियों को पेंशन आवेदन वितरित किए। कृषि विभाग ने बीज, कृषि यंत्र व रसायन दिए। बाल विकास विभाग ने 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की।

शिविर में दर्जा मंत्री शान्ति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख भीमताल हरीश बिष्ट, उपाध्यक्ष जिला पंचायत देवकी बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।