नैनीताल। स्नोव्यू वार्ड के आल्मा कॉटेज क्षेत्र में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मुख्य मार्ग की मरम्मत की उम्मीद जगी है। सड़क दीवार समेत ढहने से क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। खासकर स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, आसपास के आवासीय भवनों पर भी खतरा बना हुआ है।
इस संबंध में सभासद जितेंद्र कुमार पांडे ने बुधवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन देकर सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि यह मार्ग बिड़ला और स्नोव्यू क्षेत्र को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लिंक रोड है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन के साथ ही आवश्यक सेवाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है। पूर्व में कई बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन सचिव को पत्र जारी किया है। उन्होंने यूएलएमएमसी के संबंधित अधिकारी से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए हैं।
इस दौरान सभासद मुकेश जोशी सहित खुशाल रावत, दीपक कुमार भोलू और हरीश प्रसाद मौजूद रहे।