
भीमताल।
भीमताल में जिला पंचायत के विगत 15–20 वर्षों से कार्यरत गैंग मेट की न्यायोचित मांगों को लेकर पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय, भीमताल में धरना–प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि गैंग मेट को पूरे वर्ष कार्य कराने के बावजूद केवल तीन माह का वेतन दिया जा रहा है, जो सरासर अन्याय है।
हरीश पनेरु ने कहा कि जिला पंचायत द्वारा गैंग मेट के अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है और उन्हें न्यूनतम मजदूरी तक नहीं दी जा रही। उन्होंने दूरभाष पर अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत नैनीताल से वार्ता कर वर्षों से कार्यरत गैंग मेट को सालभर का वेतन देने तथा न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
पनेरु ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 28 तारीख के बाद गैंग मेट अपने परिवारजनों के साथ उग्र आंदोलन करेंगे, जिसमें हरीश पनेरु स्वयं मेट गैंग के साथ धरना–प्रदर्शन में शामिल रहेंगे।
उन्होंने कहा कि एक ओर जहां सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता दिया जा रहा है और विधायकों–सांसदों के वेतन व पेंशन में लगातार वृद्धि हो रही है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से कार्यरत मजदूरों के साथ इस तरह का भेदभाव क्यों किया जा रहा है, इसका जवाब जिला पंचायत नैनीताल को देना होगा।
धरना–प्रदर्शन में गैंग मेट व उनके समर्थक मौजूद रहे।