
हल्द्वानी/ नैनीताल।
बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण लता जोशी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं केक काटकर किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “Selfie with Daughter” डिजिटल अभियान के तहत सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सेक्टरों में मां और बेटी की तस्वीरें साझा कर बालिका सशक्तिकरण का संदेश प्रसारित किया। वहीं “Celebrate Contribution of Empowered Mothers” अभियान के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दो सफल उद्यमी महिलाओं—किरण जोशी (हल्दूपोखरा नायक) एवं गीता चुफाल (गौलापार)—को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित महिलाओं ने बालिकाओं के साथ अपनी सफलता की प्रेरक कहानियां साझा कीं। इस अवसर पर किरण लता जोशी ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह न करने तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में विभाग की सभी सुपरवाइजर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।