एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में यूसीसी दिवस का मुख्य कार्यक्रम संपन्न।

हल्द्वानी/नैनीताल, 27 जनवरी।

राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूर्ण होने पर जनपद नैनीताल के सभी विकास खंडों एवं विभिन्न स्थानों पर यूसीसी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में हुआ, जिसका उद्घाटन मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम में यूसीसी के अंतर्गत शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों तथा विद्यालयों में आयोजित यूसीसी संबंधी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि यूसीसी लागू होने से विवाह, तलाक, लिव-इन, गोद लेना, भरण-पोषण, संपत्ति व उत्तराधिकार जैसे मामलों में सभी नागरिकों के लिए समान कानून व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। नगर निगम क्षेत्र में पंजीकरण हेतु हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है और पात्र नागरिकों से अनिवार्य पंजीकरण की अपील की गई।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि यूसीसी से भविष्य में अधिकार, दावे व हिस्सेदारी से जुड़े विवाद नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि अब तक जनपद नैनीताल की 292 ग्राम सभाओं में शत-प्रतिशत यूसीसी पंजीकरण हो चुका है, जबकि नगर निगम व पालिका क्षेत्रों में पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू ने यूसीसी को ऐतिहासिक कानून बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनभावनाओं के अनुरूप इसे लागू किया गया है और लाखों लोग पंजीकरण करा चुके हैं।
दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा ने कहा कि यूसीसी से विवाह, तलाक व संपत्ति में सभी धर्मों के लिए समान नियम लागू हुए हैं तथा बेटों-बेटियों को बराबरी का अधिकार मिला है।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष कमल किशोर पंत ने कहा कि यूसीसी से महिलाओं को समान अधिकार व न्याय सुलभ हुआ है। प्रो. अल्का शर्मा ने इसे एक क्रांतिकारी कदम बताते हुए सामाजिक समरसता और महिला अधिकारों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम में ऑनलाइन क्विज तथा विद्यालयों में आयोजित चित्रकला, रील, निबंध व स्लोगन प्रतियोगिताओं के जूनियर व सीनियर वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ तथा महिला समूहों द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए।

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, प्राचार्य महिला डिग्री कॉलेज आभा शर्मा, उपजिलाधिकारी राहुल शाह सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *