महाशिवरात्रि पर छोटा कैलाश मंदिर मेले की भव्य तैयारियों को लेकर बैठक, अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश।

हल्द्वानी/नैनीताल।
महाशिवरात्रि पर्व 15 फरवरी 2026 के अवसर पर छोटा कैलाश मंदिर में आयोजित होने वाले मेले की व्यवस्थाओं के संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल की अध्यक्षता में सर्किट हाउस काठगोदाम में पूर्व तैयारी बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व वर्षों की भांति मेले की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा जिला पंचायत से संबंधित कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं।
विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने बताया कि गत वर्ष लगभग 4.5 लाख श्रद्धालुओं ने छोटा कैलाश मंदिर में दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं जनता के सहयोग से कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने मंदिर मार्ग पर साइनेज बोर्ड, पार्किंग, श्रद्धालुओं के रूट प्लान, साफ-सफाई, शौचालय, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था 10 फरवरी से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि, जल संस्थान एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने तथा अधिक क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर 10 फरवरी से पूर्व स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार का विद्युत व्यवधान न हो।
मुख्य विकास अधिकारी ने जल संस्थान को श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में पेयजल टैंकर की व्यवस्था करने तथा पुलिस विभाग को भीड़ नियंत्रण हेतु पुलिस व होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को प्लास्टिक मुक्त मंदिर से संबंधित साइनेज लगाने तथा अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को मार्गों पर डस्टबिन लगाने और मेले के पश्चात समयबद्ध कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को मेला प्रारंभ होने से पूर्व छोटा कैलाश मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं भी निरीक्षण करेंगे और गत वर्ष की खामियों को समय रहते दूर किया जाएगा।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य, समिति पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *