हल्द्वानी।
पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद नैनीताल अजय भट्ट ने हल्द्वानी के मुखानी मंडल अंतर्गत हिम्मतपुर बैजनाथ तथा गोलापार मंडल के कुंवरपुर में ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट – VB-G RAM G’ के जनजागरण अभियान के तहत आयोजित किसान–श्रमिक चौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों, श्रमिकों एवं युवाओं से संवाद किया।
इस अवसर पर श्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित यह मिशन ग्रामीण भारत के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी पहल है। यह योजना गांवों को केवल सहायता-आधारित सोच से आगे बढ़ाकर स्थायी रोजगार, आत्मनिर्भर आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत नींव तैयार कर रही है।
उन्होंने कहा कि VB-G RAM G मिशन का उद्देश्य किसानों, श्रमिकों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराकर पलायन रोकना तथा गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। श्री भट्ट ने युवाओं से सरकार की योजनाओं से जुड़कर स्वयं आगे बढ़ने और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि यह मिशन “विकसित भारत” के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है और ग्रामीण समाज के भविष्य को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।