REAP परियोजना की समीक्षा बैठक में सीडीओ ने दिए स्वरोजगार बढ़ाने के निर्देश।

भीमताल।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डे की अध्यक्षता में विकास भवन, भीमताल में ग्रामोत्थान REAP परियोजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने महिला स्वयं सहायता समूहों को एरोमेटिक पौधों के रोपण हेतु सितारगंज में एक्सपोज़र विजिट कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने REAP परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पूअर वर्ग में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इस संबंध में समस्त खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे REAP परियोजना एवं NRLM योजनाओं के कार्यों का नियमित निरीक्षण करें तथा समय-समय पर बैठकें आयोजित कर प्रगति आख्या प्रस्तुत करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 फरवरी तक सभी REAP एवं NRLM कार्मिक अपने-अपने इनोवेटिव प्लान प्रस्तुत करेंगे।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में वाहन पार्किंग की समस्या के समाधान हेतु वॉलेट पार्किंग के लिए स्थलों का चयन कर उसका संचालन स्वयं सहायता समूहों को सौंपने के निर्देश दिए गए, जिससे समूहों को स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि महिलाएं योगा ट्रेनर के रूप में भी अपनी आजीविका सुदृढ़ कर सकती हैं। इसके अतिरिक्त फुटबॉल टर्फ एवं क्रिकेट बॉलिंग प्रैक्टिस मशीन का संचालन भी समूहों के माध्यम से कराए जाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने नेटल ग्रास फैब्रिक के लिए एक्सपोज़र विजिट आयोजित कर समूहों के माध्यम से इसके उत्पादन को बढ़ावा देने, साथ ही झीलों एवं अमृत सरोवरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी समूहों से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण अधिक से अधिक महिलाओं को उपलब्ध कराने पर बल दिया, ताकि महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।

बैठक में खण्ड विकास अधिकारी भीमताल एवं धारी को मॉडल विलेज सुनकिया में कार्यों की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कॉल सेंटर स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा गया कि इन केंद्रों पर टीवी, फ्रिज आदि घरेलू उपकरणों की मरम्मत की त्वरित सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सहायक परियोजना निदेशक चन्दा फर्त्याल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *