नैनीताल। देवभूमि नैनीताल के प्रतिभाशाली अभिनेता गोपाल दत्त तिवारी जियो हॉटस्टार की बहुप्रतीक्षित और प्रेरणादायक वेब सीरीज ‘स्पेस जेन: चंद्रयान’ में प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। इस सीरीज में गोपाल, इसरो के प्रमुख साइंटिफिक एडवाइजर राकेश मोहंती का किरदार निभा रहे हैं।
सीरीज में उनका दमदार संवाद — “हम दुनिया को दिखा देंगे कि लूनर साउथ पोल पर पहुंचने वाला पहला देश भारत ही होगा” — भारतीय वैज्ञानिकों के आत्मविश्वास और संकल्प को दर्शाता है। चंद्रयान-2 मिशन के दौरान विक्रम लैंडर के संपर्क टूटने से देश की प्रतिष्ठा पर प्रश्नचिह्न लग गया था। इसी चुनौतीपूर्ण दौर और मिशन से जुड़ी कठिनाइयों को इस वेब सीरीज में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
गोपाल दत्त तिवारी की प्रारंभिक शिक्षा भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय, जीआईसी नैनीताल तथा डीएसबी कैंपस से हुई। चार भाइयों में दूसरे नंबर के गोपाल बचपन से ही बहुमुखी प्रतिभा के धनी रहे हैं। उन्होंने रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) में स्नातक करने के बाद नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी), दिल्ली से अभिनय की औपचारिक शिक्षा प्राप्त की।
वर्ष 1999 से उन्होंने लेखक और रंगमंच कलाकार के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। गोपाल ने ‘द ऑफिस’, ‘कालकूट’, ‘दिल्ली क्राइम’ जैसी लोकप्रिय वेब सीरीज के साथ-साथ ‘मुझे कुछ कहना है’, ‘तेरे नाम’, ‘फिल्मिस्तान’, ‘बंटी और बबली 2’, ‘अतरंगी रे’ और ‘दिल्ली-6’ सहित कई चर्चित फिल्मों में अपनी सशक्त अभिनय और कॉमेडी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इसके अलावा उन्होंने ‘बुधिया सिंह: बॉर्न टू रन’, ‘डेविड’ जैसी फिल्मों के लिए गीत लेखन भी किया है।
‘स्पेस जेन चंद्रयान’ युवाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायक वेब सीरीज मानी जा रही है, जो भारत के महत्वाकांक्षी चंद्रयान मिशन की कहानी को दर्शाती है। इसरो द्वारा चंद्रमा की खोज के लिए भेजे गए इस मिशन में आई तकनीकी चुनौतियों और संघर्षों को पार कर भारत ने ऐतिहासिक सफलता हासिल की, जिसे इस सीरीज में प्रभावशाली रूप से दिखाया गया है।
गोपाल के पिता देवी दत्त तिवारी, जो पोस्ट ऑफिस और टेलीकॉम विभाग से सेवानिवृत्त थे, का निधन कोविड महामारी के दौरान हो गया था। उनकी माता स्वर्गीय बसंती तिवारी थीं। उनके बड़े भाई भुवन तिवारी प्रोफेसर हैं, जबकि छोटे भाई डॉ. चारु तिवारी द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज में कार्यरत हैं। सबसे छोटे भाई मुकुल तिवारी पुणे स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।