कैंचीधाम बायपास हर हाल में 15 जून तक शुरू हो: सतपाल महाराज।

12.58 करोड़ की 5 योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास।

भीमताल। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन, भीमताल में सोमवार को लोक निर्माण विभाग की ₹945.99 लाख की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹312.13 लाख की एक योजना का लोकार्पण किया। इस प्रकार कुल ₹1258.12 लाख (₹12.58 करोड़) की पांच योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि 73वें संविधान संशोधन के तहत पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के सभी जनपदों में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दे रही है और अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर मुख्यधारा से जोड़ा गया है।

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक पांच हजार से अधिक होम स्टे पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें से 1118 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।

कैबिनेट मंत्री ने विकास भवन सभागार में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान जनपद में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंचीधाम बायपास का निर्माण कार्य हर हाल में 15 जून तक पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 75 मीटर स्पान के पुल के निर्माण में देरी होती है तो अस्थायी रूप से वैली ब्रिज की व्यवस्था कर बायपास रोड 15 जून तक यातायात के लिए खोल दी जाए।

उन्होंने जनपद में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने तथा भारी वाहनों के अनुरूप सड़कों के निर्माण और हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सिंचाई विभाग की समीक्षा में उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों व नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने, भीमताल-नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने तथा ढुंगसील पहाड़ी से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही झीलों, नदियों और तालाबों में जमी गाद हटाने एवं नदियों को वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइज करने के लिए आधुनिक मशीनों की खरीद का प्रस्ताव बनाने को कहा।

पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में उन्होंने गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने, कॉम्पेक्टरों के उपयोग और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पर्यटन विभाग को होम स्टे में स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा होम स्टे योजना के अंतर्गत कमरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं से अवगत कराते हुए सुझाव रखे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *