
नैनीताल। शहर में आयोजित होने वाले 70वें दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 16 से 20 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव को लेकर शुक्रवार को नैना देवी मंदिर प्रांगण में मां दुर्गा की प्रतिमा निर्माण के लिए विधि-विधान से पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया गया।
सार्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के पदाधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रतिमा निर्माण की शुरुआत की। कमेटी के महामंत्री उमेश मिश्रा ने बताया कि प्रतिमा निर्माण का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। महोत्सव को लेकर अन्य तैयारियां भी तेजी से की जा रही हैं।
इस दौरान मूर्तिकार कानुसुंदर राय, प्रेम कुमार शर्मा, दीपक गुरुरानी, किशन सिंह अधिकारी, आलोक शाह, टीके भट्टाचार्य, दिनेश चंद्र भट्ट समेत कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे।