कृष्णापुर की क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर ग्रामीणों का धरना जारी, तल्लीताल गांधी चौक पर क्षेत्रवासियों ने किया प्रदर्शन।

नैनीताल। आपदा प्रभावित कृष्णापुर वार्ड में क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने तल्लीताल गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग उठाई। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार से अनिश्चित कालीन धरना शुरू किया जाएगा।
पूर्व सभासद कैलाश रौतेला ने कहा कि बलियानाला में भूस्खलन के बाद कृष्णापुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। लंबे समय बीतने के बावजूद सड़क की सुध नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि बलियानाला में सुरक्षा कार्य शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों को उम्मीद थी कि सड़क का निर्माण भी कराया जाएगा, लेकिन बलियानाला का कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के बावजूद सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि अब सड़क को दोबारा जोड़ने के लिए भू-वैज्ञानिक रिपोर्ट मांगी जा रही है, जिसके विरोध में क्षेत्रवासियों को धरना देना पड़ रहा है। रौतेला ने कहा कि यदि करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा बलियानाला का कार्य छोटी गाड़ियों का भार भी नहीं संभाल सकता तो इससे बड़ी विडंबना क्या होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारी-भरकम वाहन और मशीनें लगातार बलियानाला में काम कर रही हैं तो क्षेत्रवासियों के आवागमन के लिए सड़क निर्माण में भू-वैज्ञानिक रिपोर्ट की आवश्यकता क्यों बताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि बलियानाला में चल रहे कार्यों के कारण आसपास के घरों में दरारें भी आने लगी हैं। इसके बावजूद कृष्णापुर को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रशासन जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बुधवार तक कार्रवाई शुरू नहीं हुई तो क्षेत्रवासी अनिश्चिकालीन धरना शुरू करेंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
इस दौरान अनिल रावत, दामोदर जोशी, नीरज पंत, शंकर सिंह बिष्ट, विनोद सिंह, हिमांशु जोशी, जीवन जोशी, राजेंद्र सिंह मनराल, सुरेंद्र कुमार, लीला बोरा, सावित्री, रेखा जोशी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *