सभासद जितेंद्र कुमार पांडे ने देहरादून में अधिकारियों से मुलाकात कर उठाई आल्मा कॉटेज मार्ग के निर्माण की मांग।

नैनीताल। बीते वर्ष आपदा के दौरान स्नो व्यू वार्ड के आल्मा कॉटेज में स्नो व्यू को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों के साथ ही स्कूली बच्चों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से स्थानीय लोग मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे हैं।
समस्या के समाधान को लेकर स्थानीय सभासद जितेंद्र कुमार पांडेय जीनू ने बीते दिनों जिलाधिकारी से मुलाकात कर मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग उठाई थी। इस पर जिलाधिकारी ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के जल्द निस्तारण के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में सोमवार को सभासद जितेंद्र कुमार पांडेय, मुकेश जोशी, दीपक कुमार भोलू और खुशाल रावत ने देहरादून स्थित यूएसडीएमए कार्यालय पहुंचकर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद्र और यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मार्ग की वर्तमान स्थिति से अवगत कराते हुए जल्द पुनर्निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
इस पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही डीपीआर तैयार होने के बाद जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *