जन-जन के द्वार पहुंची सरकार, भीमताल में बहुउद्देशीय शिविर से 176 नागरिक लाभान्वित।

भीमताल/नैनीताल।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड भीमताल की न्याय पंचायत सांगुडीगांव के अंतर्गत विकासखंड कार्यालय सभागार, भीमताल में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने की।

शिविर में ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज, पेयजल एवं जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, समाज कल्याण विभाग, कृषि, वन, राजस्व, लघु सिंचाई, उडेरा, खाद्य आपूर्ति तथा उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

बहुउद्देशीय शिविर के दौरान जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। कई मामलों का निस्तारण शिविर स्थल पर ही कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली। शिविर के माध्यम से कुल 176 नागरिकों ने प्रत्यक्ष रूप से विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य विपिन जंतवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *