नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी और काले झंडे का दबदबा देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में निर्दलीय प्रत्याशी भानु प्रताप सिंह चौहान ने 1355 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने एबीवीपी समर्थित प्रत्याशी शुभम कुमार को 482 वोटों के बड़े अंतर से हराया। शुभम को 873 वोट मिले, जबकि तीसरे प्रत्याशी हिमांशु आर्या को 283 वोट मिले। अध्यक्ष पद पर 10 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना, जबकि 14 मत अवैध घोषित हुए।
5410 में से 2535 छात्रों ने किया मतदान
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए चुनाव में कुल 5410 पंजीकृत मतदाताओं में से 2535 छात्र-छात्राओं ने मतदान किया। इस तरह परिसर में कुल 46.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के बाद मतगणना प्रक्रिया पूरी कर देर शाम चुनाव परिणाम घोषित किए गए।
संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पुरी की बड़ी जीत
संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पुरी ने 1614 वोट हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी गौरी को 619 वोटों के मुकाबले 995 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इस पद पर 202 छात्रों ने नोटा का विकल्प चुना, जबकि 110 मत अवैध घोषित हुए।
कोषाध्यक्ष पद पर महज 18 वोट से फैसला
कोषाध्यक्ष पद पर मुकाबला बेहद कांटे का रहा। सृष्टि रावत ने 1165 वोट हासिल कर अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी विदुषी वर्मा को महज 18 वोटों के अंतर से हराया। विदुषी वर्मा को 1147 वोट मिले।
कई पदों पर निर्विरोध चुने गए पदाधिकारी
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. मनोज आर्या के अनुसार छात्रसंघ के कई महत्वपूर्ण पदों पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। छात्रा उपाध्यक्ष पद पर कुमकुम जोशी, छात्र उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक रैकुनी, सचिव पद पर कमल कार्की और सांस्कृतिक सचिव पद पर हर्षित जोशी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) के रूप में तनमय भंडारी निर्विरोध चुने गए। विभिन्न संकायों से अनिल कुमार (कला), संध्या कापड़ी (वाणिज्य), दिव्यांशी कौशल (विधि) और सानिध्या उप्रेती (प्रबंधन) संकाय प्रतिनिधि चुने गए।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद परिसर निदेशक संजय पंत ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रो. ललित तिवारी, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. मनोज बिष्ट समेत कई वरिष्ठ प्राध्यापक मौजूद रहे।