नैनीताल। द नैनीताल बैंक लिमिटेड की 104वीं वार्षिक आम बैठक मंगलवार को प्रधान कार्यालय नैनीताल में ऑनलाइन माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वित्तीय परिणामों और बैंक की प्रमुख व्यावसायिक उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई। बैंक ने कारोबार, लाभप्रदता, परिसंपत्ति गुणवत्ता और पूंजी आधार में सुधार दर्ज किया है।
वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक का कुल कारोबार 6.75 फीसदी से बढ़कर 14,118.02 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष 13,225.68 करोड़ था। बैंक की कुल जमा 4.46 फीसदी बढ़कर 8,623.67 करोड़ तथा सकल अग्रिम 10.55 फीसदी बढ़कर 5,494.35 करोड़ हो गए। बैंक का सीएएसए अनुपात 40.48 फीसदी रहा। वहीं रिटेल अग्रिम में 22.65 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। बैंक का सकल एनपीए घटकर 4.95 फीसदी और शुद्ध एनपीए 0.27 फीसदी रह गया। बैंक की लाभप्रदता में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। संचालन लाभ 30.66 फीसदी बढ़कर 116.33 करोड़ और शुद्ध लाभ 24.96 फीसदी बढ़कर 63.24 करोड़ हो गया। बैंक की नेटवर्थ में 26.86 फीसदी की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 1,062.24 करोड़ हो गई।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार लाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 बैंक के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धियों का वर्ष रहा। व्यवसाय वृद्धि के साथ लाभप्रदता, परिसंपत्ति गुणवत्ता और पूंजी आधार को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रगति की गई है। कुल कारोबार, सकल अग्रिम और रिटेल अग्रिम में हुई वृद्धि बैंक की संतुलित एवं ग्राहक-केंद्रित रणनीति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सकल एवं शुद्ध एनपीए में कमी तथा प्रावधान कवरेज अनुपात में सुधार बैंक की बेहतर परिसंपत्ति गुणवत्ता और जोखिम प्रबंधन व्यवस्था को दर्शाता है।
डिजिटल बैंकिंग पर जोर:
वित्त वर्ष के दौरान बैंक ने डिजिटल बैंकिंग को मजबूत करने के लिए कई पहल की है। बैंक ने आधुनिक सुविधाओं से युक्त मोबाइल बैंकिंग एप नैनी निओ शुरू किया। इसके माध्यम से ग्राहक फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान, खाता विवरण, ई-प्रमाणपत्र, जमा रसीद डाउनलोड और यूपीआई समेत विभिन्न बैंकिंग सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
इसके अलावा व्यापारियों और ग्राहकों के लिए क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान, साउंड बॉक्स और मर्चेंट मैनेजमेंट ऐप जैसी सुविधाएं भी शुरू की गई हैं।
सुशी कुमार लाल ने कहा कि आने वाले समय में बैंक का फोकस गुणवत्तापूर्ण कारोबार वृद्धि, रिटेल एवं एमएसएमई क्षेत्र को बढ़ावा देने, सीएएसए और रिटेल जमा आधार मजबूत करने, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा ग्राहक अनुभव बेहतर बनाने पर रहेगा।
इस दौरान बैंक के निदेशक मंडल के सदस्य, कार्यपालक निदेशक कुलदीप सिंह, मुख्य वित्तीय अधिकारी सुमंत चक्रवर्ती, मुख्य परिचालन अधिकारी अनिल कुमार, कंपनी सचिव विवेक साह आदि मौजूद रहे।