नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से नेशनल रिसर्च फाउंडेशन पेयर प्रोजेक्ट के तहत चार दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला एवं सेमिनार का आयोजन तीन से छह अक्टूबर तक देवदार हॉल, एमएमटीटीसी द हर्मिटेज में किया जाएगा। सेमिनार का उद्घाटन कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट करेंगे।
सेमिनार के चेयरमैन प्रो. नंद गोपाल साहू ने बताया कि कार्यक्रम में पेयर प्रोजेक्ट के हब संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी), बेंगलुरु के साथ छह स्पोक संस्थानों के विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सेमिनार के लिए 195 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आईआईएससी बेंगलुरु के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रो. सत्यम सुवास, प्रो. प्रवीण कुमार, प्रो. भगवती प्रसाद, प्रो. अशोक रायचूर, प्रो. अभिक चौधरी और प्रो. ज्योति प्रसाद सहित विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञ आमंत्रित व्याख्यान देंगे। इसके अलावा एनआईटी नागालैंड के शंभू कुमार महतो, बेंगलुरु विश्वविद्यालय के प्रो. बी. अंगाड़ी, कालीकट विश्वविद्यालय के प्रो. राजीव के. मेनन, पांडिचेरी विश्वविद्यालय के प्रो. पेरुमल एलूमलाई, शिवाजी विश्वविद्यालय के प्रो. के.के. शर्मा, शिवपुर के प्रो. पापु बिस्वास और बेंगलुरु की प्रो. पूनम बेंजवाल भी व्याख्यान देंगे।
कार्यशाला के दौरान शोधार्थियों को विभिन्न उपकरणों के संचालन एवं उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम की कॉर्डिनेटर डॉ. गीता तिवारी ने बताया कि कार्यशाला एवं सेमिनार का उद्देश्य शोधार्थियों को शोध के लिए प्रेरित करना और उन्हें आधुनिक शोध तकनीकों से परिचित कराना है।