नैनीताल की सड़कों पर दिखा गुलाबी रंग, स्तन कैंसर से बचाव का दिया संदेश।


नैनीताल। स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आशा फाउंडेशन की ओर से शनिवार को नैनीताल में पिंक रैली निकाली गई। बिड़ला विद्या मंदिर, सेंट जेवियर्स, सेंट मैरिज, लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल और नर्सिंग के छात्र-छात्राओं समेत सैकड़ों लोगों ने रैली में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने महिलाओं को समय पर जांच, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।डीएसए मैदान में सुबह आठ बजे प्रतिभागी जुटे। सुबह नौ बजे मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति आलोक मेहरा, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती और विधायक सरिता आर्या समेत अन्य अतिथियों ने फ्लैग ऑफ कर रैली को रवाना किया। रैली डीएसए मैदान से मालरोड होते हुए इंडिया होटल पहुंची और वहां से वापस डीएसए मैदान लौटकर संपन्न हुई। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन की ओर से प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा ने कहा कि रैली का उद्देश्य महिलाओं और उनके परिवारों को स्तन कैंसर की समय पर पहचान, नियमित स्क्रीनिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान होने पर समय से उपचार संभव है।


डॉ. आनंद मिश्रा ने कहा कि अक्टूबर को स्तन कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम ‘एवरी स्टोरी इज यूनीक, एवरी जर्नी मैटर्स’ है। उन्होंने पिंक शब्द को प्रिवेंशन, इन्वेस्टिगेशन, नो फीयर और नॉलेज से जोड़ते हुए लोगों से बीमारी से जुड़े मिथकों से दूर रहने और समय पर जांच कराने की अपील की। उन्होंने महिलाओं से माह में एक बार स्वयं स्तन परीक्षण करने को कहा।

कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, डॉ. स्मिता सिंह, इतिहासकार प्रो. अजय रावत, सुषमा रावत, डॉ. वाईएस भाकुनी, पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल, डॉ. एमएस दुग्ताल, बिड़ला स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, मारुति नंदन साह, ईशा साह, रामा मोंटेसरी की प्रधानाचार्या नीलू एल्हेंस, गीता साह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। मंच संचालन प्रो. ललित तिवारी, मीनाक्षी कीर्ति और दीपक कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *