नैनीताल। पर्वतीय सांस्कृतिक समिति नैनीताल के तत्वावधान में गोवर्धन हॉल में आयोजित होने वाली 13वीं अंतर-विद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता में नैनीताल और आसपास के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों में प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता में सनवाल स्कूल नैनीताल, जीडी गोएंका नौकुचियाताल, लांग व्यू स्कूल नैनीताल, सेंट जोसेफ कॉलेज, सेंट जॉन्स, ऑल सेंट्स कॉलेज, भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय नैनीताल, लेक इंटरनेशनल स्कूल भीमताल, शेरवुड कॉलेज नैनीताल, सेंट मैरीज कॉन्वेंट नैनीताल, बिरला विद्या मंदिर नैनीताल और रामा मोंटेसरी स्कूल की टीमें हिस्सा लेंगी। विभिन्न आयु वर्गों में अब तक कुल 140 प्रविष्टियां दर्ज की जा चुकी हैं।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में शतरंज के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उनकी तार्किक क्षमता, एकाग्रता और निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करना है। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए ईश्वर तिवारी, दिव्यांशु तिवारी, विमला तिवारी, मुकेश बच्चन, शेर सिंह बिष्ट, अमित कुमार, मो. वसीम, तोषित तिवारी और विश्वकेतु वैद्य सहित आयोजन समिति के सदस्य व्यवस्थाओं में जुटे हैं।