नैनीताल जनपद में हर्षोल्लास व धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस।

नैनीताल, 26 जनवरी 2026

77वां गणतंत्र दिवस जनपद नैनीताल में पूरे उत्साह, हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिले भर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा देश के वीर बलिदानियों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रातःकाल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली गईं, जिनमें देशभक्ति नारों एवं गीतों के माध्यम से जनमानस में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत की गई। सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, संस्थानों में प्रातः 9:30 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।नैनीताल जिला मुख्यालय स्थित कुमाऊं कमिश्नरी परिसर में कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने ध्वजारोहण कर जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराया है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, समयबद्धता, पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


कलक्ट्रेट परिसर नैनीताल में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने संविधान के प्रति निष्ठा, एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोक सेवकों से ईमानदारी, निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।नैनीताल पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा ध्वजारोहण किया गया। वहीं विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कार्यालयाध्यक्षों एवं तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण कर मिष्ठान्न वितरण किया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर नैनीताल के मल्लीताल स्थित फ्लैट मैदान में भव्य पुलिस परेड, आकर्षक झांकियों एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने ध्वजारोहण कर पुलिस परेड की सलामी ली एवं निरीक्षण किया।


अपने संबोधन में आयुक्त ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को संविधान, उसके मूल्यों और अधिकारों की जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक एवं प्रोत्साहित करने पर भी बल दिया। साथ ही उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जनपद नैनीताल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक धरोहर और जागरूक नागरिकों की सहभागिता इसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्प लेने का आह्वान किया तथा पुलिस एवं सशस्त्र बलों को नागरिक अधिकारों की रक्षा हेतु किए जा रहे समर्पित कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।


कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए गणतंत्र दिवस की बधाई दी तथा जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कार्मिकों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम में विधायक नैनीताल सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पाण्डे, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, मनोज कत्याल, रेवाधर मठपाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पुलिस परेड का नेतृत्व पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल द्वारा किया गया।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा विशेष सफाई अभियान भी संचालित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *