
नैनीताल। 124वें मां नंदा-सुनंदा महोत्सव के अंतिम दिन बुधवार को मां नंदा-सुनंदा का डोला धार्मिक ध्वज के साथ तय समय दोपहर 12 बजे मां नयना देवी मंदिर से निकला। डोले के दर्शन और मां को विदाई देने के लिए सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। डोला निकलते ही पूरा क्षेत्र मां के जयकारों से गूंज उठा।
मां नंदा-सुनंदा का डोला मां नैना देवी मंदिर से शुरू होकर मल्लीताल बाजार, पंत पार्क, मॉल रोड, तल्लीताल बाजार, धर्मशाला, से वापस माल रोड होते हुए बड़ा बाजार, चीना बाबा मंदिर पहुंचा। इसके बाद डोला पुन: मां नैना देवी मंदिर के समक्ष पहुंचा और ठंडी सड़क में गोलू देवता मंदिर के पास मूर्ति विसर्जन किया गया। जिसमें हजारों श्रद्धालु डोले के साथ शामिल हुए।
डोला भ्रमण के दौरान अलग-अलग शहरों से पहुंचे बैंड-बाजों और छोलिया नृत्य दलों ने भजनों एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। नगर के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोले का स्वागत किया। मल्लीताल चार्ट मार्केट और तल्लीताल टोल टैक्स समेत विभिन्न स्थानों पर मां नंदा-सुनंदा के डोले का भव्य स्वागत किया गया। ढोल-दमाऊं की थाप और जयकारों से पूरा शहर धार्मिक उल्लास में डूबा नजर आया।
मां को विदाई देने नैनीताल के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों, हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर, रुद्रपुर समेत विभिन्न शहरों से श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मां नैना देवी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरा नगर मां नंदा-सुनंदा के रंग में रंगा नजर आया।
पिथौरागढ़ के लखिया भूत ने खींचा ध्यान
महोत्सव में इस वर्ष पिथौरागढ़ की शोर घाटी से पहुंची सांस्कृतिक टीम का लखिया भूत लोकनृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों के बीच कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुति दी। लोकनृत्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे।
चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की निगरानी
डोला भ्रमण को देखते हुए नगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार व्यवस्था पर नजर रखती रहीं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
डोला भ्रमण के दौरान विधायक सरिता आर्य, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, श्री राम सेवक सभा अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, प्रो. ललित तिवारी, मुकेश जोशी मंटू, तेज सिंह नेगी, मिथलेश पांडे, बिमल चौधरी, मोहित साह, आनंद बिष्ट, अजय बिष्ट, डीएल साह, गिरीश जोशी मखन, अलोक चौधरी, भीम सिंह कार्की, भुवन बिष्ट, हरीश राणा, कैलाश जोशी, राजेंद्र बजेठा, सभासद जितेंद्र पांडे जीनू, अंकित चंद्रा, भागवत रावत, सुरेंद्र कुमार और घनश्याम लाल साह समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एडीएम विवेक राय, एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा, एसडीएम नावाजिश खलीक, ईओ रोहिताश शर्मा, मल्लीताल कोतवाल राजेंद्र रावत और तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह समेत अधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे।