नैनीताल, संवाददाता। नंदा देवी महोत्सव में वन वर्धनिक पर्वतीय, नैनीताल की ओर से विभागीय स्टॉल लगाया गया है। स्टॉल के माध्यम से लोगों को वन अनुसंधान, पौध उत्पादन और संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही विभिन्न प्रजातियों के उच्च गुणवत्तायुक्त पौधे उचित दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
वन अनुसंधान क्षेत्राधिकारी, गाजा रेंज राजेंद्र प्रसाद आर्या ने बताया कि ज्योलीकोट स्थित गाजा अनुसंधान रेंज की अनुसंधान एवं संरक्षण गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्टॉल लगाया गया है। यहां लोगों को पौधों के सही रोपण, देखभाल और संरक्षण की जानकारी भी दी जा रही है।
स्टॉल पर बेल, तुलसी, अपराजिता और हरसिंगार समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे उपलब्ध हैं, जिन्हें लोग पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा पंपलेट और अन्य साहित्य के माध्यम से नर्सरी में पौध तैयार करने की तकनीक, लाइकेन गार्डन, मॉस गार्डन, पिथौरागढ़ कंजरवेशन सेंटर और बायोडायवर्सिटी पार्क हल्द्वानी सहित विभिन्न संरक्षण स्थलों की जानकारी दी जा रही है।
अनुसंधान सहायक योगेश त्रिपाठी ने बताया कि स्टॉल का मुख्य उद्देश्य वन विभाग के अनुसंधान कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री के बारे में जागरूक करना है। इसके साथ ही स्थानीय जैव विविधता, वन और वन्यजीव संरक्षण को बढ़ावा देना भी विभाग की प्राथमिकता है।
नंदा महोत्सव में वन विभाग का स्टॉल, अनुसंधान की जानकारी के साथ मिल रहे गुणवत्तापूर्ण पौधे।